Thursday, May 2nd, 2024

बिहार में विदाई से पहले दुल्हन ने किया मतदान

मंडला में विदाई से पहले वधू ने किया मतदान


बिहार में विदाई से पहले दुल्हन ने किया मतदान

जम्मू-कश्मीर के कठुआ में दूल्हा-दुल्हन ने अपनी शादी के दिन डाला वोट

मंडला

मध्य प्रदेश में लोकसभा चुनाव के पहले चरण में मतदाताओं में गजब का उत्साह है। मंडला संसदीय क्षेत्र में तो एक वधू ने विदाई से पहले अपने मताधिकार की जिम्मेदारी निभाई। मध्य प्रदेश के मंडला संसदीय क्षेत्र के मेली गांव के नारायणगंज के मतदान केंद्र 112 पर हर किसी को खुश कर देने वाला नजारा देखने को मिला। यहां की आशा रानी सिंगरोरे अपनी विदाई से पहले मतदान करने पहुंची। राज्य के छह संसदीय क्षेत्रों में मतदान हो रहा है और मतदान को लेकर हर वर्ग में उत्साह है। युवा हों या बुजुर्ग या फिर महिलाएं, सभी अपने मताधिकार का प्रयोग कर रहे हैं।


मध्य प्रदेश के 6 संसदीय क्षेत्र में 4 घंटे में 30 फीसदी से ज्यादा मतदान

 मध्य प्रदेश में लोकसभा चुनाव के पहले चरण में छह संसदीय क्षेत्र में मतदान जारी है और पहले चार घंटे में 30.46 प्रतिशत मतदान हो चुका है। मतदान केंद्रों पर लंबी-लंबी कतारें भी नजर आ रही हैं।

गर्मी का मौसम होने के कारण मतदान शुरू होने से पहले ही मतदाताओं के मतदान केंद्रों पर पहुंचने का सिलसिला शुरू हो गया। मतदाता जल्दी से जल्दी मतदान करने की इच्छा लेकर मतदान केंद्र पहुंचे। पहले 4 घंटे में 11 बजे तक 30.46 फीसदी लोग मतदान कर चुके थे। सबसे ज्यादा 35.64 प्रतिशत मतदान बालाघाट में हुआ, वहीं छिंदवाड़ा में 32.51, जबलपुर में 27.41, मंडला में 32.03, शहडोल में 29.57 और सीधी में 26.03 फीसदी लोगों ने वोट डाले।

राज्य में लोकसभा के जिन संसदीय क्षेत्र में मतदान हो रहा है, उनमें छिंदवाड़ा में कांग्रेस के नकुल नाथ का मुकाबला भाजपा के विवेक बंटी साहू से है। वहीं मंडला में केंद्रीय मंत्री और भाजपा उम्मीदवार फग्गन सिंह कुलस्ते का मुकाबला कांग्रेस उम्मीदवार ओमकार सिंह मरकाम से है।

जबलपुर में भाजपा के आशीष दुबे का मुकाबला कांग्रेस के दिनेश यादव से, शहडोल में भाजपा की हिमाद्री सिंह का मुकाबला कांग्रेस के फुंदे लाल मार्को से, सीधी में भाजपा के डॉक्टर राजेश मिश्रा के सामने कांग्रेस के कमलेश्वर पटेल और बालाघाट में भाजपा की भारती पाधरी के सामने कांग्रेस के सम्राट सरस्वार हैं।

पहले चरण की छह संसदीय सीटों में से छिंदवाड़ा सबसे हॉट सीट है। यहां से पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ के पुत्र नकुल नाथ एक बार फिर चुनाव मैदान में हैं। उनका मुकाबला भाजपा के विवेक बंटी साहू से है।

राज्य के मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी अनुपम राजन ने बताया है कि जिन छह संसदीय क्षेत्रों में मतदान हो रहा है, वहां 46 विधानसभा क्षेत्र आते हैं और यह 13 जिलों तक फैला है।

 

बिहार में विदाई से पहले दुल्हन ने किया मतदान

शेखपुरा,
 बिहार में पहले चरण के तहत शुक्रवार को चार लोकसभा क्षेत्रों में मतदान शांतिपूर्ण तरीके से जारी है। मतदान को लेकर मतदाताओं में खासा उत्साह देखा जा रहा है।

जमुई लोकसभा क्षेत्र में भी मतदाता उत्साह के साथ अपने मताधिकार का प्रयोग कर रहे हैं। इस बीच, जमुई के शेखपुरा विधानसभा में लोकतंत्र के लिए एक सुखद तस्वीर सामने आई है। विदा होने के पहले एक नई नवेली दुल्हन लाल सुर्ख जोड़े में अपने पति के साथ मतदान करने मतदान केंद्र पहुंची और मतदान किया।

दरअसल, शेखपुरा नगर परिषद क्षेत्र के चक दीवान मोहल्ला निवासी सुष्मिता कुमारी का विवाह देर रात प्रदीप कुमार के साथ संपन्न हुआ। सुष्मिता की शुक्रवार सुबह विदाई होनी थी, लेकिन इन्होंने विदाई से पहले अपने मताधिकार का प्रयोग करने का फैसला किया।

इसके बाद सुष्मिता अपने पति प्रदीप कुमार के साथ शेखपुरा विधानसभा के मतदान केंद्र 68 पर पहुंची और मताधिकार का प्रयोग किया। मतदानकर्मियों और अन्य मतदाताओं ने भी नव दंपति का केंद्र पर स्वागत किया। सुष्मिता ने कहा कि देश और प्रदेश के लिए एक अच्छी सरकार जरूरी है और इसके लिए मतदान करना आवश्यक है।

जम्मू-कश्मीर के कठुआ में दूल्हा-दुल्हन ने अपनी शादी के दिन डाला वोट

कठुआ
 लोकतंत्र में मतदाताओं की आस्था और मताधिकार का प्रयोग करने की उनकी इच्छा शुक्रवार को कठुआ में मतदान प्रक्रिया के दौरान देखी गई। कठुआ में एक मतदान केंद्र पर एक कपल (दूल्हा-दुल्हन) ने अपनी शादी के दिन वोट डाला।

कठुआ शहर के वार्ड-9 में मतदान केंद्र पर कतार में खड़े मतदाताओं को उस समय हैरानी हुई, जब उन्होंने असीम मंगोत्रा और उनकी पत्नी वैशाली को शादी की ड्रेस में मतदान केंद्र पर आते देखा।

कतार में खड़े मतदाताओं ने दंपति (कपल) के लिए मतदान केंद्र में प्रवेश के लिए रास्ता बनाया। मतदाताओं ने महसूस किया कि यह दोनों देश के लोकतंत्र में कितनी आस्था दिखा रहे हैं।

वोट डालने के बाद असीम और वैशाली ने गर्व से अपनी उंगलियों पर लगा स्याही का निशान दिखाया। उन्होंने कहा कि सभी जरूरी अनुष्ठान पूरे होने के बाद, उन्होंने अपने मताधिकार का प्रयोग करने में कोई समय नहीं गंवाया।

असीम मंगोत्रा ने कहा, "यह दिन हमारे लिए शुभ है। हम शादी के बंधन में बंधे हैं और लोकतंत्र में अपना विश्वास व्यक्त करने में एक-दूसरे के साथ शामिल हुए हैं।"

सुबह 7 बजे मतदान शुरू होने के बाद पहले 4 घंटों के दौरान कठुआ-उधमपुर निर्वाचन क्षेत्र में दोपहर 12 बजे तक 22.60 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया।

 

Source : Agency

आपकी राय

14 + 14 =

पाठको की राय