Tuesday, April 30th, 2024

आप के स्टार प्रचारकों की एक सूची में सुनीता केजरीवाल दूसरे नंबर पर

नई दिल्ली

दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल तिहाड़ जेल नंबर दो में बंद हैं। उनकी गिरफ्तारी के बाद आम आदमी पार्टी (आप) में एक चेहरा काफी मशहूर हो रहा है। यह कोई और नहीं बल्कि सीएम केजरीवाल की पत्नी सुनीता केजरीवाल हैं। वह कई बार अपने पति का संदेश लेकर उन्हीं की कुर्सी पर बैठ वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग कर चुकी हैं। ऐसी अटकलें भी लगीं कि उन्हें केजरीवाल की जगह मुख्यमंत्री बनाया जा सकता है। ऐसे में 'आप' ने लोकसभा चुनाव 2024 के लिए गुजरात में स्टार प्रचारकों की एक सूची जारी की है। इस लिस्ट में 40 लोगों के नाम शामिल हैं। सबसे ऊपर पार्टी के सबसे बड़े नेता अरविंद केजरीवाल का नाम है। वहीं दूसरे नंबर पर उनकी पत्नी सुनीता केजरीवाल हैं। भगवंत मान, मनीष सिसोदिया और संदीप पाठक जैसे 'आप' के दिग्गज नेताओं का नाम भी सुनीता से नीचे है।

केजरीवाल के बाद पत्नी सुनीता नंबर 2 पर
सुनीता केजरीवाल अब सक्रिय राजनीति में एंट्री लेती दिख रही हैं। यूं तो वह अरविंद केजरीवाल की गिरफ्तारी के बाद से ही लगातार सुर्खियों में है। बीते दिनों उन्होंने विधायकों के साथ बैठक भी की थी। ऐसे में अब उन्हें स्टार प्रचारकों की सूची में दूसरा स्थान मिला है। पंजाब के मुख्यमंत्री, दिल्ली के पूर्व डिप्टी सीएम और दिल्ली सरकार के कई मंत्रियों के नाम उनसे नीचे हैं। ऐसे में अब वह गुजरात में 'आप' के प्रचार का कमान संभालने जा रही हैं। क्योंकि लिस्ट में उनसे ऊपर अरविंद केजरीवाल फिलहाल जेल में हैं।

प्रचारकों वाली लिस्ट से क्या संदेश
दरअसल, सीएम केजरीवाल की गिरफ्तारी के बाद जिस तरह सुनीता केजरीवाल सामने आईं उससे अटकलों का बाजार गर्म हो गया। ऐसा कहा जाने लगा कि उन्हें सीएम बनाया जा सकता है। संजय सिंह भी जब तिहाड़ से बाहर निकले तब वह सबसे पहले सुनीता केजरीवाल का पैर छूकर आशीर्वाद लिए। हालांकि 'आप' और अरविंद केजरीवाल खुद यह कह चुके हैं कि वह मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा नहीं देंगे। कुछ दिनों पहले सीएम केजरीवाल ने यह भी कहा कि अगले हफ्ते से वह दो-दो मंत्रियों को तिहाड़ में बुलाएंगे और उनकी समीक्षा करेंगे। ऐसे में अब स्टार प्रचारकों की लिस्ट में उनके बाद उनकी पत्नी का नाम रखा गया है। इससे पार्टी में उनके कद और महत्व के बारे में पता चलता है।

लिस्ट में किसका-किसका नाम?
'आप' के स्टार प्रचारकों में कुल 40 लोगों का नाम हैं। अरविंद केजरीवाल और उनकी पत्नी के बाद तीसरे नंबर पर भगवंत मान का नाम है। फिर मनीष सिसोदिया और संदीप पाठक का नाम है। लिस्ट में गोपाल राय, राघव चड्ढा, सत्येंद्र जैन, आतिशी, संजय सिंह, सौरभ भारद्वाज, कैलाश गहलोत, गोपाल इटालिया, इसुदान गढ़वी, आदि का नाम है।

Source : Agency

आपकी राय

6 + 12 =

पाठको की राय